शास्त्रीनगर में सिंचाई विभाग से रिटायर चीफ इंजीनियर की कोठी में बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया। बेखौफ बदमाशों ने रिटायर इंजीनियर को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाश लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए।
शास्त्रीनगर में पीवीएस मॉल के सामने मेन रोड पर रिटायर चीफ इंजीनियर कपिल कांत कौशिक की कोठी नंबर एच-14 है। जिसमें कपिल कांत और उनकी पत्नी सुरेखा कौशिक रहते हैं। उनका एक बेटा विदेश में जबकि बेटी बंगलूरू में एक कंपनी में इंजीनियर है। मंगलवार रात करीब 11:00 बजे हथियारबंद पांच बदमाशों ने मेन गेट से कोठी में एंट्री की। फिर चैनल में अंदर की तरफ लगे ताले को आरी से काटा। बदमाश कोठी में घुसे तो दंपति की नींद खुल गई। इससे पहले दंपति कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उनको गन प्वाइंट पर ले लिया।
कपिल कांत ने बदमाशों से मुकाबला करने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने उनके सिर पर तमंचे की बट दे मारी। जिसमें वह घायल होकर फर्श पर गिर पड़े। पति को लहूलुहान देखकर सुरेखा घबरा गईं और रोने लगी। बदमाशों ने सुरेखा से सोने की अंगूठी, कडे़ और चेन उतरवा ली। उसके बाद सेफ और अलमारी की चाबी ली। बदमाशों ने करीब आधा घंटे तक कोठी खंगाली। उसके बाद बदमाश धमकी देकर फरार हो गए।
लखनऊ तक मचा हड़कंप
बदमाशों के जाने के बाद सुरेखा ने यूपी 100 को सूचना दी। डकैती की सूचना पर लखनऊ कंट्रोल रूम में भी खलबली मच गई। यूपी 100 की गाड़ी को भेजने के साथ लखनऊ कंट्रोल रूम से पुलिस अधिकारियों को भी इस वारदात के बारे में बताया गया। जानकारी लगते ही एसपी सिटी, सीओ सिविल लाइन, नौचंदी और मेडिकल थाने की पुलिस पहुंची। घायल कपिल कांत को एल ब्लॉक शास्त्रीनगर स्थित अपूर्वा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। चौकी पर ताला लगाकर भागी पुलिस
रिटायर इंजीनियर की कोठी के सड़क पार सामने ही पीवीएस पुलिस चौकी है। वारदात के दौरान मेडिकल थाने की पुलिस चौकी पर मौजूद थी। रिटायर इंजीनियर की कोठी में डकैती की जानकारी लगते ही पुलिसकर्मी चौकी में ताला लगाकर वहां से भाग गए। इसको लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों ने बताया कि पुलिस की लापरवाही के चलते बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।