कार की चपेट में आकर बालक घायल, कार तोड़ी, हंगामा
कार सवारों की लगाई धुनाई, पुलिस लाई थाने
कार्रवाई को लेकर मोहल्ले वालों की हुई पुलिस से नोक-झोंक
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई। कार की चपेट में आकर बालक घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने कार में तोड़-फोड़ के बाद कार सवार लोगों की धुनाई कर दी। कार्रवाई को लेकर लोगों की पुलिस से नोक-झोंक भी हुई। घटना मोहल्ला कुरैशियान में शाम पांच बजे करीब की है।
शनिवार को मोहल्ला कुरैशियान में एक कार की चपेट में आकर 11 वर्षीय बालक जैद पुत्र नाजिम घायल हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने कार में तोड़-फोड़ कर चालक की धुनाई कर दी। इस बीच परिजनों ने घायल बालक को निकट ही निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बालक को रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच कार्रवाई को लेकर मोहल्ले वालों की पुलिस से नोक-झोंक भी हुई। बामुश्किल पुलिस कार सवार दो दो युवकों भीड़ के बीच से निकालकर थाना पर लाई। थाने में पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने पुलिस को अपने नाम थाना गुन्नौर के गांव शाहजहानाबाद निवासी प्रशांत पुत्र भुवनेश व यादवेंद्र यादव पुत्र प्रद्युम्न यादव बताया। यादवेंद्र के मुताबिक कार प्रशांत चला रहा था। वह तो अपनी पत्नी रश्मि को अस्पताल में दिखाने के लिए ला रहा था। रास्ता भटक गए थे, इसलिए मोहल्ला कुरेशियान में कार बैक करते करते बालक चपेट में आ गया और हादसा हो गया। कोतवाल ब्रजमोहन गिरि ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर एफआइआर दर्ज की जाएगी।
पी-05,06,07 व 08