मुजफ्फरनगर। डायट पर हंगामे के अगले दिन व्यवस्था में सुधार कर अभ्यर्थियों की परेशानी कम की गई। दूरस्थ जिलों से अधिक संख्या में काउंसिलिंग में आए प्रतिभागियों के प्रमाण-पत्र चेक किए गए।
72 हजार सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए जिला प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान पर काउंसिलिंग चल रही है। रविवार को अभ्यर्थियों ने डायट स्टाफ पर बेवजह परेशान करने और अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। शिकायत पर पहुंचे एडीएम, प्रशासन ने व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए थे। सुबह निर्धारित समय पर अनारक्षित श्रेणी (पुरुष वर्ग) की चयन प्रक्रिया चली। इसमें स्पेशल कैटेगरी के आवेदकों को भी शामिल किया गया। प्रतिभागियों की सूची बाहर चस्पा की गई। स्टाफ ने उन्हें आवश्यक जानकारी दी। प्रक्रिया से बाहर हुए अभ्यर्थियों को इसका स्पष्ट कारण बताया गया। संस्थान के गेट पर परिजनों को रोककर केवल अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। मंगलवार को ओबीसर, एससी, एसटी श्रेणी के विज्ञान वर्ग (पुरुष) की काउंसिलिंग होगी। बुधवार तक समाप्त हो जाएगी। एडीएम इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि व्यवस्था में सुधार कर प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।