ईद-उल फितर पर बाजार में भारी भीड़ रही। शनिवार की देर रात तक ग्राहकों ने बाजार में जमकर खरीदारी की। पिछले तीन दिन में ही शहरभर में करीब एक करोड़ के जूते-कपड़े खरीदे गए। आर्टिफिशियल ज्वैलरी की अलग से खरीद की गई। ईद पर दुकानदारों को खुलकर ईदी मिली। ग्राहकों की भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।
शुक्रवार से बाजार में रौनक छा गई। सोमवार को ईद के कारण मुस्लिम समाज के लोगों ने जमकर खरीदारी की। पिछले तीन दिन से बाजार भी देर रात तक बाजार खुले रहे। सबसे अधिक खरीदारी लोगों ने कपड़ों, जूतों और ड्राईफ्रूट्स की। इसके बाद आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकानों पर भीड़ की आमद अधिक रही है।
बाजार में बढ़ती भीड़ को कवर करने के लिए प्रशासन को भी मशक्कत करनी पड़ रही है। कपड़ा व्यापार संघ के पदाधिकारी चुन्नी लाल सुनेजा, अजय मदान ने बताया कि शुक्रवार से औसतन 12 से 15 लाख रुपये के बीच शहरभर में रेडीमेड, शूट्स आदि कपड़े खरीदे गए हैं। वहीं, जूतों की भी जमकर खरीदारी की गई है। कुल मिलाकर शहर में बीते तीन दिन में करीब एक करोड़ से अधिक का बिजनेस ईद को लेकर किया गया है।
रातभर खुला बाजार
मुजफ्फरनगर। चांदरात पर खरीदारी का जोर सबसे अधिक बढ़ गया। रविवार को रातभर बाजार खुला रहा। कपड़ों और ज्वैलरी की दुकानों पर काफी भीड़ उमड़ी। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने खरीदारी की। बच्चों के सामान सबसे अधिक बिके। वहीं, कोतवाली के शिव चौक, एसडी मार्केट और झांसी की रानी बाजार में सबसे अधिक भी रही। पुलिस प्रशासन ने बाजार पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कड़ी चौकसी बरती।
ईद की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन हुआ सजग
ईद-उल फितर पर पुलिस-प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों को नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाया गया है। रविवार को देर रात से ही पुलिसकर्मियों को तय स्थानों पर अपनी ड्यूटी पर जाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस दिनभर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करती नजर आई।
सोमवार को ईद-उल फितर पर शांतिपूर्वक नमाज अदा कराने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से शहर तथा देहात में भारी फोर्स तैनात किया गया है। विवादित जगहों और मिश्रित आबादी, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील वाली जगहों पर स्थानीय पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
जिले के सभी प्रभारी निरीक्षकों ने अपने क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। तय स्थानों पर लगाई गई ड्यूटी स्थलों पर पुलिस फोर्स को रात में ही पहुंचने के आदेश किए गए थे। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने सुरक्षा की कमान थाम रखी थी। जिले के सभी सीओ ने अपने सर्किल में मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों से मिलकर बातें की।
ईदगाह में ईद की नमाज 7.45 बजे
मुजफ्फरनगर। चांद का दीदार करने के लिए दिन ढलते ही बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक छत पर चढ़ गए। चांद का दीदार होते ही एलान हुआ। चांद देखकर लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। वहीं, रविवार को ईदगाह में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। साफ-सफाई से लेकर पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। सोमवार सुबह ईदगाह में ईद की नमाज 7.45 बजे अदा होगी।
एक माह की इबादत के बाद रमजान का पाक महीना चांद के दीदार के साथ विदा हो गया। लोगों ने रमजान महीने को खुशी के साथ विदा किया। ईद का चांद देखने के लिए लोग दिन ढलते ही छतों पर चढ़ गए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने चांद का दीदार कर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
इसके बाद दूध, ड्राईफ्रूटस के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। देर रात तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा। लोगों ने जमकर ईद की खरीदारी की। वहीं, औकात नमाज ईदुल फितर ने ईद की नमाज का समय मुकर्रर किया। सोमवार को ईदगाह में ईद की नमाज 7.45 बजे होगी।
55 से 60 रुपये लीटर बिका दूध
मुजफ्फरनगर। चांद का दीदार होते ही ईद के लिए दूध की डिमांड बढ़ गई। डेयरियों और बाजार में महंगे दामों में दूध बिका। डिब्बाबंद दूध के दाम भी आसमान पर पहुंच गए। रविवार शाम को औसत से अधिक मूल्य पर दूध की बिक्री की गई। 55 से 60 रुपये लीटर दूध की खरीद की गई।
शहर में ईद की नमाज का समय
स्थान---------------------समय
ईदगाह--------------------7:45 बजे सुबह
मस्जिद फखरशाह-------------8:00 बजे सुबह
हौज वाली मस्जिद खालापार------8:00 बजे सुबह
पीर वाली मस्जिद मल्हूपुरा-------8:00 बजे सुबह
मस्जिद लियाकतपुरा लद्दावाला----8:00 बजे सुबह
मस्जिद हौज वाली सरवट--------8:15 बजे सुबह
मस्जिद नुमाइश कैंप-----------8:15 बजे सुबह
मस्जिद पुजाये वाली रहमतनगर----8:30 बजे सुबह