मुजफ्फरनगर में सेना से छुट्टी लेकर माता-पिता को हज पर भेजने के लिए आए सेना के जवान की जान इन्वर्टर के करंट ने ले ली। परिवार में कोहराम मच गया। मेरठ से आए पंजाब इन्फेंटरी बटालियन के जवानों ने सैनिक को अंतिम सलामी दी। भारी भीड़ के बीच गमगीन माहौल में सैनिक को सुपुर्दे-खाक किया गया।
शहर कोतवाली के किदवईनगर निवासी नवेद पुत्र मुस्तकीम सेना की पंजाब बटालियन इन्फेंटरी में 2007 बैच का ग्रेनेडियर था। इस समय वह जम्मू-कश्मीर के पुंछ में तैनात था। माता-पिता को हज कराने के लिए सऊदी भेजने की खातिर 15 दिन पूर्व वह छुट्टी लेकर घर आया था। कई दिन पूर्व दोनों को उसने भेज दिया था। बुधवार रात इन्वर्टर से उसे करंट लगा तो वह बेहोश हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए तो चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
रास्ते में उसकी मौत हो गई। नवेद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बृहस्पतिवार सुबह मेरठ से आए पंजाब इन्फेंटरी के जवानों ने नवेद को अंतिम सलामी दी। भारी भीड़ के बीच शव को कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां उसे सुपुर्दे-खाक किया गया। परिजनों के अनुसार मृतक के दो लड़कियां और एक आठ माह का बेटा है, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। अंतिम यात्रा में शामिल होने वालों में पूर्व सांसद कादिर राना, सलमान सईद, राकेश शर्मा, सतेंद्र बालियान आदि रहे।