भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की रैली की अनुमति को लेकर छाए असमंजस के बादल लगभग छंट गए हैं। जल्द ही जिला प्रशासन कोठी मीना बाजार में रैली कराने को सशर्त अनुमति दे देगा।
जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने बताया कि बहराइच की ही तरह यहां भी सशर्त अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने सहित आठ-दस बिंदुओं पर सशर्त अनुमति प्रदान की जाएगी। बताया कि जल्द ही रैली को अनुमति प्रदान कर दी जाएगी। भाजपा की ओर से गुरुवार को अनुमति के लिए प्रारूप एडीएम सिटी को सौंपा गया था।
इसमें मोदी के अलावा राजनाथ सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के शामिल होने का जिक्र किया गया था। साथ ही एक लाख की भीड़ जुटने का अनुमान व्यक्त किया गया है। विजय शंखनाद रैली सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक होगी।
उधर, रैली को लेकर भाजपा की ओर से जनसंपर्क का दौर शुरू हो चुका है। गली-मोहल्लों में टोलियां घूमकर लोगों से पहुंचने की अपील कर रही है। तैयारियों के मद्देनजर बैठकों का दौर जारी है।
‘हेलो, मैं अमित शाह बोल रहा हूं...’
अगर आपके मोबाइल फोन पर भाजपा नेता और प्रदेश प्रभारी अमित शाह का फोन आए तो चौंकने की जरूरत नहीं है। पार्टी के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के प्रचार-प्रसार में भाजपा संचार प्रौद्योगिकी का सहरा ले रही है। फोन के जरिए प्रदेश प्रभारी लोगों को रैली के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। तकरीबन 30 सेकंड की वार्ता में शाह कांग्रेस मुक्त भारत अभियान के लिए मोदी का साथ देने का आह्वान कर रहे हैं।
मोदी को सुनने जाएंगे दस हजार कार्यकर्ता
आगरा में 21 नवंबर को होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली के लिए मैनपुरी के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। जिले से करीब दस हजार कार्यकर्ता भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार मोदी को सुनने के लिए आगरा जाएंगे। इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।