नोएडा। सर्फाबाद में बुखार पीड़ितों की संख्या बढ़ गई है। शनिवार को स्थिति जानने के लिए अमर उजाला की टीम ने फिर गांव का दौरा किया, जहां एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत बुखार से पीड़ित नए लोग भी मिले। गांव वासियों में जिला मलेरिया विभाग और प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष है।
रामश्री, ज्ञानो देवी, प्रिया यादव और एक ही परिवार से रवि व बिजेंद्री बुखार से पीड़ित मिले। इनका नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। बुखार पीड़ित जंटर सिंह ने बताया कि अमर उजाला में शुक्रवार को प्रकाशित खबर के बाद स्वास्थ्य महकमे की टीम गांव में आई थी और कुछ घरों के बाहर दवा का छिड़काव करके चली गई। पूरे गांव में दवा का छिड़काव नहीं कराया।
स्थानीय निवासी सुदेश यादव ने बताया कि बीमारी का शोर मचने पर अधिकारी तत्परता दिखाते हैं और फिर सुस्त हो जाते हैं। गांव की इस हालत के लिए काफी हद तक संबंधित विभागों के अधिकारी भी जिम्मेदार हैं।