नोएडा। ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को सांसद व विधायक के समर्थकों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों में आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। नोएडा के भाजपा विधायक डॉ. महेश शर्मा ने शुक्रवार को सांसद सुरेंद्र नागर पर कार्यकर्ताओं से गाली-गलौज का आरोप लगाया और इस संबंध में एक सीडी पत्रकारों को दी। दूसरी ओर, सांसद ने कहा कि बोगस वोट बनवाने जा रही गाड़ी के हमारे कार्यकर्ता को टक्कर मार देने के बाद तथ्यों को छुपाने के लिए विधायक ऐसे आरोप लगा रहे हैं।
कैलाश सभागार में विधायक ने कहा कि मतदाता सूची नवीनीकरण की अंतिम तिथि 20 नवंबर शाम पांच बजे तक थी। अंतिम समय तक कुछ बूथों पर बीएलओ नहीं पहुंच सके तो भाजपाई व मतदाता जागरूक जनमंच के स्वयंसेवक कुछ फॉर्म लेकर सदर तहसील ग्राम डाढ़ा पहुंचे। दोपहर तीन बजे वहां मौजूद सांसद सुरेंद्र नागर, बसपा नेता मनोज भाटी व उनके सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं से गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने भाजपाइयों को बंधक भी बना लिया। उन्होंने कहा कि सांसद ने हजारों अवैध वोटर फॉर्म जमा कराने का आरोप लगाया है, जबकि एसडीएम ने केवल 527 फॉर्म गिनकर सील किए हैं। उन्होंने सांसद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। विधायक ने शिकायत व सीडी की एक-एक कॉपी प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी, लोकसभा अध्यक्ष, लोकसभा व राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिले के डीएम व एसएसपी को भेजी हैं। विधायक के साथ मतदाता जागरूक मंच के टीएन गोविल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरीश ठाकुर, ग्रेटर नोएडा सोसाइटी के आदित्य कुमार, अखिल भारतीय लोकाधिकार संगठन पदाधिकारी मौजूद थे।
दूसरी ओर, सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि कैलाश अस्पताल की गाड़ी ने उनके कार्यकर्ता की बाइक को टक्कर मारी थी। विधायक की इस गाड़ी में फर्जी वोटरों के फॉर्म ले जाए जा रहे थे। उन्होंने सिर्फ सख्त लहजे में इसका विरोध किया था। उनका कहना है कि तथ्य छुपाने के लिए ही विधायक ऐसे आरोप लगा रहे हैं, जबकि 300 बोगस फॉर्म आज भी उनकी तरफ से जमा कराए गए हैं। उन्होंने मांग की कि बनाई गई वोटों का भौतिक सत्यापन कराया जाए।