एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

पार्किंग : ठेका एक लेन का, कब्जा तीन लेन पर

Noida Updated Mon, 10 Dec 2012 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

नोएडा। ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहर के सबसे बडे़ शॉपिंग हब सेक्टर-18 की सड़कों पर पार्किंग माफिया का कब्जा हो चुका है। पार्किंग के लिए एक लेन का ठेका उठाकर तीन लेन पर कब्जा कर चांदी काट रहे हैं और इसका खामियाजा आम लोगों को जाम में फंसकर चुकाना पड़ रहा है। नो पार्किंग के खिलाफ चल रहे ट्रैफिक पुलिस अभियान में अवैध पार्किंग के इस मकड़जाल की पोल खुलने लगी है।
और पढ़ें
विज्ञापन
विज्ञापन

पार्किंग की कमी शॉपिंग हब की सबसे बड़ी दिक्कत है, लेकिन नोएडा प्राधिकरण की तरफ से इस ओर अब तक कोई खास ध्यान नहीं दिया गया। प्राधिकरण की तरफ से यहां करीब आधा दर्जन स्थानों पर पार्किंग अलॉट हैं और सड़क की एक ही लेन में पार्किंग करने का प्रावधान है। इसके बावजूद न तो पार्किंग संचालकों को प्राधिकरण के तय मानकों की कोई परवाह है और न ही ट्रैफिक पुलिस के नियमों का डर है। तीन दिन से चल रहे ट्रैफिक पुलिस के अभियान के तहत अवैध पार्किंग के कई मामले सामने आए हैं। सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के नजदीक वेव टावर के नीचे प्राधिकरण ने केवल एक ही लेन पर पार्किंग का ठेका दिया हुआ है लेकिन जब सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई तो मोजेक होटल तक दो से तीन लेन में वाहन खडे़ मिले। अवैध पार्किंग में खडे़ वाहनों का जब चालान कटा तो वाहन मालिक पार्किंग संचालक की पर्ची लेकर ट्रैफिक पुलिस से बहस करते दिखाई दिए।
ऐसा ही हाल धर्म पैलेस सिनेमा के पास, पुलिस चौकी के आसपास और मेक डोनाल्ड के पास देखने को मिला। भले ही सेक्टर-18 के अंदरुनी मार्गों पर करीब आधा दर्जन पार्किंग का रिकॉर्ड प्राधिकरण के पास हो लेकिन हकीकत तो यह है कि किसी भी बिल्डिंग के नीचे वाहन रोकते ही पार्किंग संचालकों के गुर्गे आपको घेरकर खडे़ हो जाएंगे। क्या प्राधिकरण और पुलिस की मर्जी के बिना ऐसा हो रहा है। यह अपने आप में ही सोचने वाली बात है।
विज्ञापन

--------

कैसे बढे़ जागरूकता
कहां वाहन खड़ा करना है और कहां नहीं, इसके लिए शॉपिंग हब में संकेतक बोर्ड ढूंढने से भी नहीं मिलते। प्राधिकरण को प्रत्येक पार्किंग स्थल पर बोर्ड लगाकर चिह्नित करना चाहिए। जिससे कई स्थानों पर अवैध पार्किंग स्थल न बने।
--------

जांचे जा रहे हैं लाइसेंस
सेक्टर-18 में अवैध पार्किंग की वजह से जाम की समस्या वाकई बड़ी परेशानी बनी हुई है। पार्किंग संचालकों की मनमर्जी भी इस समस्या को बढ़ा रही है। इसलिए अब पार्किंग संचालकों के लाइसेंस भी जांचे जा रहे हैं।
-धर्मेंद्र सिंह यादव, यातायात निरीक्षक
--------

सेक्टर-18 में सड़कों पर कहां है पार्किंग
. गुरुद्वारे से लेकर सेक्टर-18 चौराहे तक सड़क के दोनों तरफ पार्किंग।
. सेक्टर-18 चौराहे से मेट्रो स्टेशन होते हुए एचडीएफसी बैंक तक पार्किंग।
. एचडीएफसी बैंक से लेकर सेक्टर-18 पुलिस चौकी पर दोनों तरफ पार्किंग।
. मोजेक होटल से लेकर सीएसएम मॉल होते हुए गुरुद्वारे तक पार्किंग।
. सेक्टर-18 स्टेशन से मेकडोनाल्ड के आगे तक पार्किंग।
(इसके अलावा सभी सड़कों पर दोनों तरफ पार्किंग बनाई हुई है। )
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें