नोएडा। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) ने बुधवार को सेमेस्टर प्रणाली वाले परंपरागत कोर्सों के परीक्षा फॉर्म जारी कर दिए हैं। एमए, एमकॉम, एमएससी के पहले और तीसरे सेमेस्टर के छात्रों के फॉर्म 26 दिसंबर से 2 जनवरी तक भरे जाएंगे। यूनिवर्सिटी ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है।
पीजी के साथ बीएससी कृषि और बीएससी होम साइंस के परीक्षा फॉर्म भी भरे जाने हैं। इसमें री-एडमिट और एक्स स्टूडेंट्स को भी परीक्षा देने का मौका देते हुए फॉर्म जारी किए हैं। यूनिवर्सिटी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी पाठ्यक्रम में री-बैक देने वाले छात्र की योग्यता जांच संबंधित संस्थान को ही करनी है। साथ ही किसी भी छात्र को री-बैक पेपर के लिए विषय कोड को बदल कर परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी। दूसरी ओर यूनिवर्सिटी ने बीबीए-बीसीए समेत सभी व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पहले सेमेस्टर के छात्रों के फॉर्म भी बुधवार को जारी कर दिए हैं। 24 दिसंबर को जारी इन फॉर्म में पहले सेमेस्टर के छात्रों के फॉर्म जारी नहीं किए गए थे।
-----
आगे बढ़ानी पड़ेगी प्रक्रिया
परीक्षा फॉर्म भरने में छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल इन दिनों यूनिवर्सिटी के सभी कॉलेजों में सर्दी की छुट्टियां चल रही हैं, जिसके कारण छात्रों को उनकी समस्या का समाधान नहीं मिल रहा है। 2 जनवरी तक फॉर्म भरे जाने हैं जबकि छुट्टियों के बाद 2 से ही कॉलेज खुलने हैं।