नोएडा। महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू) ने दिसंबर में हुई विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के कैरीओवर पेपरों (बैक पेपर) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 16 मार्च से पांचवें सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षाएं होंगी। जबकि पहले और तीसरे सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षाएं 17 मार्च से शुरू होंगी। एक दिन में अधिकतम 38 पेपर तक कराए जाएंगे, जो रोजाना चार शिफ्ट में होंगे। परीक्षाओं में लगभग 55 हजार छात्र शामिल होंगे।
परीक्षा कार्यक्रम में 16 मार्च को 6, 17 मार्च को 32, 31 मार्च को कुल 38 पेपरों की परीक्षा होगी। 6 अप्रैल को 20, 7 अप्रैल को 29, 13 अप्रैल को 17, 14 अप्रैल को 28, 20 अप्रैल को 23, 23 अप्रैल को 34, 27 अप्रैल को 16, 28 अप्रैल को 28, 5 मई को 4, 7 मई को 18, 11 मई को 2 और 12 मई को 6 पेपर होंगे। पहले और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 2:30 से 4:30 बजे और 2:30 से 5:30 बजे की शिफ्ट में जबकि तीसरे सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षाएं 10:30 से 12:30 बजे व 10:30 से 1:30 बजे की शिफ्ट में होंगी।
परीक्षाओं के लिए यूनिवर्सिटी ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी परीक्षाओं से पहले 10 से 12 घंटे की विशेष कक्षाएं जरूरी होंगी। इसमें छात्रों की उपस्थित भी अनिवार्य है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक कैरीओवर के रिजल्ट जून में ही होने वाली सम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं से पहले घोषित किए जाएंगे।