ग्रेटर नोएडा। 20वीं नासा मून बग्गी रेस में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए टीम एक्यूरेट ने भारत का तिरंगा लहराकर देश को गौरवान्वित किया है। अमेरिकी स्पेस और राकेट सेंटर हन्ट्सविल अलाबामा में 25 से 27 अप्रैल तक हो चुकी मून बाउल लूनर विज्ञान प्रतियोगिता में टीम एक्यूरेट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
बता दें कि विश्व में अपने अंतरिक्ष अनुसंधानों और कार्यक्रमों के लिए प्रसिद्ध अमेरिकी अंतरिक्ष संस्था नासा द्वारा प्रतिवर्ष मून बग्गी रेस का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में सम्मिलित छात्र लूनर स्पेस व्हीकल (चंद्रमा पर चलने योग्य वाहन) बनाकर चंद्रमा के भूभाग जैसी सतह पर आयोजित रेस में भाग लेते हैं। रेस में अलग-अलग अंतराल पर विभिन्न बाधाएं आती हैं, जिन्हें पार करते हुए कम से कम समय में रेस पूरी करनी होती है। प्रतियोगिता में भारत के अलावा जर्मनी, इटली, अमेरिका समेत अन्य देशों की कुल 108 टीमों ने हिस्सा लिया था। भारत की ओर से ग्रेनो की टीम एक्यूरेट समेत कुल 14 टीमों ने भाग लिया था। टीम एक्यूरेट में महीप सिंह (शिक्षक संयोजक), रुचिका सिंह, चिराग चौधरी, जय पराशर, अश्वनी शुक्ला, शशांक शेखर (इंजीनियरिंग छात्र) और अरविंद शर्मा (टीम संयोजक) शामिल थे। एक्यूरेट ग्र्रुप की समूह निदेशिका पूनम शर्मा ने बताया कि भारतीय टीमों द्वारा बनाई गई बग्गियों की डिजाइन और तकनीक की नासा वैज्ञानिकों ने बहुत प्रशंसा की। टीम एक्यूरेट की बग्गी एग्जिबिशन सेंटर ऑफ यू एस स्पेस एंड राकेट सेंटर में आजीवन रखी जाएगी। एक्यूरेट ग्रुप के चेयरमैन सीएल शर्मा ने छात्रों और शिक्षकों को बधाई दी।