नोएडा। शहर में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। इसका अंदाजा आए दिन होनेवाली लूट और छिनैती की घटनाओं से लगाया जा सकता है। सेक्टर 20 थाना क्षेत्र में 9.80 लाख रुपये की लूट में बदमाशों का पुलिस अभी तक सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक सेल्स एक्जीक्यूटिव से डेढ़ लाख रुपये नगद, बीस हजार रुपये के रीचार्ज कूपन और मोबाइल लूट लिया। साथ ही मौके पर लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्स एक्जीक्यूटिव को जमकर पीटा। मूलरूप से समालखा पानीपत निवासी और यहां परिवार के साथ खोड़ा कॉलोनी में रह रहे पीड़ित सुशील कुमार वर्मा (35) सेक्टर-19 स्थित एयरटेल डिस्ट्रीब्यूटर के यहां सेल्स एक्जीक्यूटिव हैं। सुशील ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह दुकानदारों से नए कनेक्शन के लिए आवेदकों के फॉर्म, आईडी प्रूफ और नगद बैग में लेकर जा रहे थे। टाट मॉल से ममूरा की ओर जाने वाले मोड़ पर दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने बैग छीन लिया और विरोध करने पर जमकर पीटा। सुशील ने बताया कि बैग में डेढ़ लाख रुपये नगद, बीस हजार रुपये के रीचार्ज कूपन और नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं के फार्म और आईडी प्रूफ थे। उन्होंने बताया कि सभी की उम्र 20 से 22 साल के करीब थी और वह बदमाशों को पहचान सकते हैं। क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय विश्वजीत श्रीवास्तव का कहना है कि वारदात के डेढ़ घंटे बाद तक पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल ऑन था। बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।
और पढ़ें