नोएडा। एक ओर आम उपभोक्ता समय पर बिजली का बिल जमा करने के बाद भी कटौती की समस्या से परेशान हैं। वहीं, दूसरी ओर कई उपभोक्ता बिजली चोरी करके मजे उड़ा रहे हैं। शुक्रवार को विजिलेंस की टीम ने खोड़ा में छापेमारी की, जिसमें घरेलू बिजली से गेस्ट हाउस और दुकानों को रोशन किया जा रहा था। छापेमारी में 25 जगह बिजली का गलत उपयोग होता हुआ मिला, इन पर 15 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
और पढ़ें
शुक्रवार को विद्युत निगम की विजिलेंस टीम के डिप्टी एसपी हेमंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। इसके बाद खोड़ा में बिजली अधिकारियों के साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू हुई। दिन भर चली कार्रवाई में 25 जगह बिजली चोरी मिली। हेमंत कुमार ने बताया कि घरेलू बिजली का इस्तेमाल गेस्ट हाउस चलाने, दुकानों को सप्लाई देने और निर्माण कार्यों में सीधे तौर पर मिला। मौके पर ही जुर्माना लगाया गया और साढ़े सात लाख रुपये की वसूली की गई। इसके अलावा बिजली चोरी का आंकलन करके करीब 15 लाख रुपये का बना है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता सीएल गुप्ता ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई करने का आदेश जारी कर दिया गया है।