ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात खानपुर चौला निवासी अमित सिंह नोएडा से ग्रेटर नोएडा लौट रहा था। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर छपरौली के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने अमित की बाइक में टक्कर मार दी। अमित की मौके पर ही मौत हो गई। गश्त के दौरान पीसीआर को क्षतिग्रस्त बाइक मिली। पुलिस ने जेब से मिले कागजों के आधार पर शव की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। वहीं एक्सप्रेसवे पर ही कार की टक्कर से बाइक सवार वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे नोएडा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गलगोटियाज यूनिवर्सिटी के सामने टाटा-407 ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें दनकौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि पुलिस ने हादसे की सूचना से इनकार किया।