नोएडा। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) के कॉलेजों में एडमिशन के लिए फॉर्म भर चुके छात्रों को गलतियां सुधारने का एक और मौका दिया गया है। छात्र 19 जुलाई तक अपने फॉर्म को एडिट कर सकते हैं। ग्रीवेंस सेल पर फॉर्म में गलतियों से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए यह मौका दिया गया है। यूनिवर्सिटी की आवेदन प्रक्रिया बृहस्पतिवार को अंतिम दिन देर रात तक जारी रही। जिले के चार कॉलेजों में एडमिशन के लिए लगभग 12 हजार छात्र दाखिले की कतार में हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में बृहस्पतिवार को आखिरी दिन था लेकिन एडिट का ऑप्शन दिए जाने के चलते शुक्रवार को भी रजिस्ट्रेशन खुल सकते हैं। जबकि रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी ई-कूपन की बिक्री बंद कर दी गई है। ई-कूपन ले चुके हजारों छात्र अभी भी रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाएं हैं। दूसरी ओर, 19 जुलाई तक आवेदन कर चुके और पूरी तरह सुधार करके फॉर्म सब्मिट कर चुके छात्रों को ही पहली मेरिट में शामिल किया जाएगा। कटऑफ 20 जुलाई को शाम तक जारी की जाएगी, जिसके आधार पर सीट पक्की करने के लिए फीस जमा करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू होगी।
आज चूके तो मिलेगी दूसरी मेरिट
आवेदन प्रक्रिया में शुक्रवार तक सभी गलतियां सुधार कर फॉर्म भर चुके छात्रों को ही पहली मेरिट में शामिल किया जाएगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी के निर्णय के आधार पर ही बाकी छात्रों को गलतियां सुधारने और दूसरी मेरिट में शामिल करने का मौका दिया जा सकता है।
अब तक 12 हजार आवेदन
आवेदन प्रक्रिया में अंतिम दिन देर शाम 8 बजे तक लगभग 12 हजार छात्र फॉर्म भर चुके हैं। नोएडा डिग्री कॉलेज में आवेदन का आंकड़ा 5150 के पार हो गया है। जबकि एमबीए डिग्री कॉलेज में 3740 से ज्यादा, कुमारी मायावती गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 1760 और एमबी गर्ल्स कॉलेज में 1320 से ज्यादा आवेदन हो चुके हैं।