नोएडा में एकीकृत नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी पार्टी) के अध्यक्ष प्रचंड की बेटी ग्यानु दहल की शुक्रवार को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में कीमोथेरेपी हुई।
फोर्थ स्टेज में कैंसर से पीड़ित ग्यानु दहल को ब्रेस्ट कैंसर है। शुक्रवार सुबह पुष्प कमल दहल (प्रचंड) बेटी के साथ नोएडा के अस्पताल पहुंचे। यह यात्रा इतनी गोपनीय थी कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।
फोर्टिस अस्पताल में लगभग सुबह 10 बजे प्रचंड परिजनों समेत बेटी की कीमोथेरेपी के लिए आए। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री अस्पताल में इतने साधारण तरीके से दाखिल हुए कि आम लोगों को भी भनक नहीं लग पाई कि कोई वीवीआईपी आया है।
हालांकि, उनके आसपास सादी वर्दी में कमांडो दस्ता था लेकिन उनके आसपास से निकल रहे लोगों को यह अहसास नहीं हुआ। इस दौरान अस्पताल के डे केयर में ग्यानु दहल को भर्ती कर उनकी कीमोथेरेपी की गई।
38 साल की ग्यानु दहल की करीब तीन से चार घंटे तक कीमोथेरेपी चली। इसके बाद प्रचंड ने डॉक्टरों से बेटी का हाल जाना। दोपहर में करीब 2 बजे वह अस्पताल से उसी तरह रवाना हुए।
मालूम हो कि फोर्टिस अस्पताल के ओंकोलॉजी विभाग में पिछले एक साल से ग्यानु दहल का इलाज चल रहा है। ब्रेस्ट कैंसर लिवर तक फैल गया और फोर्थ स्टेज में पहुंच गया है। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने उनको कीमोथेरेपी देने का फैसला किया था।