माधोटांडा। शारदा नदी का फिर जलस्तर बढ़ गया, जिससे भू-कटान तेज हो गया है। नौजल्हा नंबर दो में भूकटान से हाल में बनाई गई ठोकरें नदी में समा गई हैं। तेजी से शुरू हुए भूकटान से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप है तथा लोग अपने घर उजाड़कर पलायन करने को विवश हो रहे हैं।
कुछ दिन पहले नदी का जलस्तर कम होने से नदी ने नौजल्हा, गभिया सहराई क्षेत्र में तेजी से भूकटान किया था। तेजी से हो रहे भूकटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने नौजल्हा नंबर दो के समीप अस्थाई ठोकरों का निर्माण कराया था। इससे कटान की गति धीमी हुई। शनिवार को अपरान्ह के बाद अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से भूकटान तेज हो गया, जिससे बनवाई गईं ठोकरें नदी में समा गईं।
गांव के शिवकुमार के झाले के समीप नदी कटान करती हुई बढ़ने लगी। इससे घबराए शिवकुमार ने अपना झाला हटा लिया है। नदी गांव की ओर कटान करती हुई तेजी से बढ़ रही है। नदी कटान करते हुए गांव से करीब पांच मीटर की दूरी पर रह गई है। इसको लेकर गांव के लोगों में हड़कंप मचा है।