पूरनपुर। आंगन में पड़ा लोहे का जाल गिरने से उसके ऊपर खड़े सहकारिता विभाग के बर्खास्त सचिव घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला कायस्थान निवासी रामप्रवेश वर्मा सहकारिता विभाग मेें सचिव के पद पर तैनात थे। वर्ष 2003 में उन्हें करीब सवा करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप बर्खास्त कर दिया गया था। रामप्रवेश सोमवार को घर के आंगन पड़े लोहे के जाल पर खड़े थे। इस दौरान वह जाल समेत अचानक नीचे आ गिरे, जिससे वह घायल हो गए। घर वाले आनन-फानन में उन्हें सीएचसी लाए, जहां से डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पांच माह पूर्व पुत्र लकी के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के बाद से वह काफी परेशान रहते थे। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन अविवाहित पुत्रियां और एक पुत्र विक्की है। विक्की दिल्ली में रहकर एमबीए कर रहा है। मृतक के अनुज बबलू वर्मा ने बताया कि भाई का अंतिम संस्कार कल मंगलवार को किया जाएगा।