बाबा घुइसरनाथधाम के करीब बुधवार की रात सांगीपुर पुलिस ने दो लोगों को विस्फोटक सामग्री के साथ धर दबोचा। विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद बाबा धाम की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पकड़े गए युवक अमेठी के हैं, उन्हें जेल भेज दिया गया है। सांगीपुर पुलिस का दावा है कि बुधवार की रात बाबा घुइसरनाथ धाम के करीब संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रात में बाइक सवार दो लोग पुलिस को दिखाई पड़े। पुलिस को देख वे लौटने लगे।
यह देख पुलिस ने उनका पीछा कर लिया और थोड़ी दूर जाने के बाद धर दबोचा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पकड़े गए लोगों के पास से थैले में विस्फोटक सामग्री के साथ ही 20 देशी बम व 34 सौ रुपये मिले। पुलिस ने दोनों को कर्रा किया। उन लोगों ने बताया कि आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए वे बम अपने साथ लिए थे। पुलिस की लगातार पूछताछ के बाद भी पकड़े गए तुलसीराम लोध पुत्र शिवनाथ निवासी बाबूपुर जालिम का पुरवा थाना जायस और राजकुमार पुत्र धर्मराज निवासी बिहारीगंज थाना गौरीगंज जनपद अमेठी ने बम व विस्फोटक सामग्री की बाबत सही जवाब नहीं दिया। एसओ गया प्रसाद शुक्ल का कहना है कि बैग में विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी, केवल बम ही मिले थे। पूछताछ में कोई अहम राज नहीं मिल सका। मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।