डलमऊ (रायबरेली)। गंगा का जलस्तर फिलहाल कम होता नजर नहीं आ रहा है। नदी का जलस्तर धीरे-धीरे चेतावनी बिंदु की तरफ बढ़ रहा है। सोमवार को गंगा का पानी 97.800 मीटर तक जा पहुंचा। इससे गंगा कटरी क्षेत्र के गांवों में हड़कंप मच गया है। पानी लगातार बढ़ रहा है। कुछ खेत गंगा नदी के पानी से भर गए हैं। हालांकि अभी तक किसानों की फसल नहीं डूबी है।
गंगा नदी का चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर और खतरे का निशान 99.360 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के मुताबिक, रविवार को गंगा का जलस्तर 97.400 मीटर पर था, जो सोमवार को बढ़कर 97.800 मीटर पर पहुंच गया। प्रति घंटे आधा सेंटीमीटर गंगा का पानी बढ़ रहा है। इससे जाहिर है कि गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच रहा है। जिस तरह बारिश हो रही है, उससे आशंका जताई जा रही है कि अभी फिलहाल नदी के जलस्तर में कमी नहीं आएगी। इधर, गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा कटरी क्षेत्र के गांवों अंबहा, बबुरा, खसराताल, पूरे रेवती सिंह, जमालनगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, चक मलिक भीटी आदि गांवों में दहशत है। यहां के निवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह जलस्तर बढ़ता रहा तो उनकी धान समेत अन्य फसल पानी की चपेट में आ जाएगी। कुछ खेत उनके पानी से भर गए हैं। यदि पानी और बढ़ा तो फसल वाले खेत भी डूब जाएंगे। डलमऊ एसडीएम डीपी मिश्र का कहना है कि बाढ़ जैसी स्थिति अभी नहीं है। फिर भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटरी इलाके में पैनी नजर रखी जा रही है।