रायबरेली (ब्यूरो)। गुरुबख्शगंज के एक गांव में घास काटने गई युवती के साथ खेत में दुष्कर्म किया गया। युवती के विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। दबंग की हैवानियत का शिकार होने के बाद घर लौटी युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई। युवती की मां की तहरीर पर दबंग के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी गांव से भाग गया है।
गांव निवासी किशन की बेटी साधना (दोनों काल्पनिक नाम) रविवार को घास काटने के लिए खेतों की ओर गई थी। बताते हैं कि वह घास काट ही रही थी कि गांव का दिनेश नाम का युवक आ गया और छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने विरोध किया तो जबरन उसके साथ गलत काम किया। साधना की मां ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर लिया है। एसओ ने बताया कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।