रायबरेली। पेटी फर्म से काम कराने के बाद भुगतान न देने के मामले में एक पूर्व मंत्री के बेटे की एजेंसी का भुगतान रोक दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन से भुगतान रुकने के बाद एजेंसी ने जिले से होकर निकलीं राष्ट्रीय राजमार्ग की तीन सड़कों के निर्माण का कार्य ठप कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन ने यह निर्णय हैदराबाद की हाईकोर्ट के आदेश पर लिया है। हाई-वे की सड़कों का काम अधूरा होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है।
नीरज सीमेंट एजेंसी जिले में रायबरेली से प्रतापगढ़ होते हुए मछली शहर हाई-वे पर भदोखर से राजापुर सलोन तक सड़क के निर्माण का काम कर रही है। इसके अलावा रायबरेली से लालगंज और लालगंज से सेमरी (कानपुर राजमार्ग और बांदा-बहराइच राजमार्ग) की सड़क का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन से करा रही है। सूत्रों का कहना है कि एजेंसी ने आंध्र प्रदेश में एक सड़क का ठेका लेकर पेटी फर्म को काम दिया था। पेटी फर्म ने सड़क के निर्माण का कार्य पूरा कराया, लेकिन नीरज सीमेंट एजेंसी ने भुगतान ले लिया।
पेटी फर्म के बार-बार धन की डिमांड के बाद भी एजेंसी संचालक ने भुगतान नहीं दिया तो पेटी फर्म ने हैदराबाद की हाईकोर्ट की शरण ले ली। इस मामले में कोर्ट ने नीरज सीमेंट एजेंसी के भुगतान पर रोक लगा दी। कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन ने एजेंसी द्वारा कराए जा रहे सभी कार्यों के भुगतान को रोक दिया है। सूत्र बताते हैं कि रोका गया भुगतान करीब तीन करोड़ रुपये के आसपास है। सड़कों की भुगतान रुकते ही एजेंसी ने सड़कों का निर्माण कार्य भी ठप कर दिया है। इससे जिले की तीनों सड़कों के निर्माण का कार्य ठप हो गया है।