सलोन (रायबरेली)। अमेठी जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के मतरमपुर गांव में रविवार की रात रामकृष्ण मंदिर से चोरी की गई सीता, राधा की मूर्ति और उनके चांदी के मुकुट चोरी होने के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। उसके हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे घटना का खुलासा हो सके। देर रात पुलिस ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मतरमपुर गांव निवासी दिनेश सिंह के मकान के सामने पूर्वजों की ओर से स्थापित रामकृष्ण का मंदिर है। रविवार की रात चोर यहां से सीता, राधा की दो मूर्तियां और चांदी के पांच मुकुट उठा ले गए थे। हालांकि सोमवार की सुबह गांव के बाहर एक मुकुट बरामद हो गया था। चुराई गई राधा, सीता की मूर्तियां और मुकुट की कीमत 2.5 लाख रुपये से अधिक की है। पीड़ित दिनेश की तहरीर पर देर रात पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पुलिस को इस मामले में कोई सफलता नहीं मिल पाई। इस घटना से भक्तों में जबरदस्त नाराजगी है। सलोन कोतवाल जंग बहादुर का कहना है कि 15 साल पहले भी इसी मंदिर में चोरी की घटना की बात सामने आई है। उनका कहना है कि मंदिर को लेकर कुछ विवाद चलने की बात सामने आई है। विवेचना की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।