रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में हुए केबिनमैन हत्याकांड की जांच करने में जुटी जीआरपी को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। हालांकि वह इसको लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती है। वह सारे तथ्य हासिल करने के बाद ही इस पर अंतिम मोहर लगाएगी। अब तक की जीआरपी की जांच मृतक के परिवार के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। जीआरपी का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के शोरा गांव निवासी एवं रूपामऊ रेलवे क्रॉसिंग के केबिनमैन कालीचरण गौड़ की जिस तरह से शुक्रवार रात हत्या की गई, उससे हर कोई अचंभित है। जांच करने में जीआरपी को मशक्कत करनी पड़ रही है। अब तक इस हत्याकांड की कोई वजह सामने नहीं आई है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं, लेकिन कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। जिस तरह हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसमें कई लोगों का हाथ है। एक व्यक्ति उसकी हत्या नहीं कर सकता था। उसकी तार से गला दबाकर हत्या की गई थी। जीआरपी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है, लेकिन अभी वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। रविवार को जीआरपी ने मृतक के बेटे कंधई और दूसरी पत्नी राजकुमारी से कई घंटे पूछताछ की। सूत्रों की मानें तो जीआरपी की अब तक की जांच में उसकी शक की सुई परिवार के सदस्यों के ही इर्द-गिर्द घूम रही है, लेकिन इसको लेकर वह कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती है। जीआरपी थानेदार आरएल सिंह का कहना है कि पारिवारिक विवाद की बात सामने तो आ रही है, लेकिन अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। घटना से संबंधित कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। मामले की जांच की जा रही है। सारे तथ्य मिलने के बाद ही घटना का खुलासा किया जाएगा।