लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के अंबेडकर मार्ग मोड़ पर शुक्रवार को सुबह दस बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की लेकिन विफल होने पर उसके हाथ में टंगा पर्स छीनकर फरार हो गए। महिला ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
उन्नाव जिले के बारासगवर थाना क्षेत्र के धानीखेड़ा गांव निवासी रामकुमारी पत्नी रामप्रकाश किसी काम से लालगंज आई थी। वह पैदल अंबेडकर मार्ग मोड़ के पास आ रही थी। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसका मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके । इसके बाद वे महिला के हाथ में टंगा पर्स छीनकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि पर्स में काफी रुपये थे। वह बिना शिकायत किए ही अपने घर लौट गई। उधर, कस्बे की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर व्यापारी नेता राहुल सिंह भदौरिया, अनिमेष मिश्र और मनीष शर्मा ने रोष जताया और ऐसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। कोतवाल ने ऐसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।