रायबरेली। िजलाधिकारी अमित गुप्ता के निर्देश पर गुरुवार को 17 खाद की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए। अफसरों की टीम ने अभिलेख सही न होने पर तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया तो खाद के 11 नमूने लिए। एक दुकानदार की 680 बोरी खाद की दशा सही नहीं होने पर उनकी बिक्री पर रोक लगा दी। अचानक हुई इस छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप रहा। कुछ दुकानदार तो शटर गिराकर भाग खड़े हुए।
उप कृषि निदेशक एसके दुबे, एसडीएम सदर सुरेशचंद्र तिवारी, एसडीएम महराजगंज अमरपाल सिंह,अतुल पांडेय और मिल एरिया थानेदार आरपी रावत की टीम ने जिले की 17 खाद की दुकानों पर छापेमारी की। शहर में मेसर्स अग्रहरि एजेंसी राना नगर, मेसर्स शिव कुमार मित्तल गांधी नगर सिविल लाइंस और मेसर्स शुभम एजेंसी मऊगर्वी महराजगंज में छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि अभिलेख सही न होने पर इन तीनों दुकानों के दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेसर्स शिव कुमार मित्तल में 680 बोरी खाद की भौतिक दशा ठीक नहीं थी। इस पर उनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि डीएम के निर्देश पर छापेमारी की गई है। उर्वरक दुकानदार मनमानी न करें। तय रेट पर ही किसानों को खाद दें और अभिलेख ठीक रखें। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।