रायबरेली। सेंट्रल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 16 नामांकन फॉर्म खरीदे गए। इसके साथ ही दीवानी कचहरी परिसर का माहौल चुनावी हो गया है। फॉर्म खरीदने के साथ ही संभावित प्रत्याशी अभी से ही प्रचार-प्रसार में लग गए हैं।
जिले में संख्या के आधार पर सबसे बड़े अधिवक्ता संगठन सेंट्रल बार एसोसिएशन के चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी की निगाहें संभावित प्रत्याशियों पर टिक गई हैं। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद मोहम्मद नवाब की देखरेख में सुबह 11 बजे से नामांकन फॉर्म की बिक्री शुरू की गई। पहले दिन कुल 16 पर्चे बिके। हालांकि नामांकन प्रपत्र पद के हिसाब से वितरित नहीं किए गए। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका है किस प्रत्याशी ने किस पद के लिए पर्चा खरीदा है। फॉर्म 5 मार्च तक बांटे जाएंगे और 6 व 7 मार्च को जमा किए जाएंगे। नामांकन पर्चों की बिक्री के साथ ही वकीलों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए जगदीश सिंह, राकेश कुमार सिंह राना का नाम चर्चा में रहा। इसी के साथ ही दीवानी परिसर में अधिवक्ता अपने पक्ष को लेकर गुणा भाग करने लगे हैं। राकेश सिंह राना, शैलजा सिंह, विनोद द्विवेदी, हरिश्चंद्र शर्मा, आदित्य प्रसाद गुप्ता, रामसजीवन चौधरी, रामकृपाल चौधरी, नीरज श्रीवास्तव समेत 14 लोगों ने 16 नामांकन फार्म खरीदें हैं। इस मौके पर एल्डर्स कमेटी के वीरेंद्र श्रीवास्तव, आईबी सिंह, पीएल पाल, इंद्रकुमार मिश्र, ओपी सिंह, रामशरण सिंह, शिवकुमार शुक्ला, मो. सुहैल आदि मौजूद रहे।