लालगंज। लालगंज और डलमऊ के बीच बुधवार को सुभानबेग का पुरवा गांव के पास रेलवे लाइन पर एक महिला का शव पड़ा मिला। महिला की मौत देर रात में किसी ट्रेन से कटकर हुई थी। सुबह पटरी किनारे जा रहे लोगों ने महिला की शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह गर्भवती भी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के शेरबहादुर का पुरवा मजरे रिसालपुर गांव निवासिनी बिटूला पासी (35) पत्नी रामबहादुर मंगलवार की रात घर से कहीं चली गई थी। परिजनों को जब पता चला तो उन्होंने काफी खोजबीन की लेकिन बिटूला का कहीं पता न चल सका। बुधवार की सुबह बिटूला का शव पहाड़ीपुर व सुभानबेग का पुरवा के बीच स्थित डगरा के पास रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। महिला का शव बुरी तरह क्षतविक्षत हो गया था। मृतका के पति शेरबहादुर ने बताया कि उसकी पत्नी का करीब पांच वर्ष से दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। उसका इलाज भी कई जगहों पर चल रहा था। दंपती के तीन पुत्रियां सुनीता, अनीता, रजनी और एक पुत्र शिवशांत है। मृतका के बहन के पुत्र मजहरगंज निवासी पप्पू ने पुलिस को सूचना दी।