रायबरेली। महाविद्यालयों के शिक्षकों के कार्य बहिष्कार के कारण स्थगित हुईं कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को लेकर शुक्रवार को छात्राओं का गुस्सा सातवें आसमान पर रहा। जानकारी न मिलने के कारण परीक्षा में शामिल होने के लिए ग्रामीण अंचलों से आईं छात्राओं ने फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज और इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय के गेट पर जमकर हंगामा किया। सुबह 6.30 बजे छात्राओं ने प्रदर्शन करके विश्वविद्यालय प्रशासन को जमकर कोसा। छात्राओं ने कहा कि परीक्षाएं स्थगित की गईं थीं तो एक दिन पहले सभी को बताना चाहिए था। आरोप लगाया कि विवि प्रशासन पूरी तरह से मनमानी कर रहा है। विवि को परीक्षार्थियों के भविष्य से कुछ भी लेना-देना नहीं है।
शुक्रवार से कानपुर विवि की परीक्षाएं शुरू होनी थी। महाविद्यालयों के शिक्षक पिछले कई दिनों से मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। शिक्षकों ने परीक्षा का भी बहिष्कार करने की चेतावनी दी। इस पर गुरुवार की देर शाम बैठक करके विवि प्रशासन ने परीक्षाओं को 11 मार्च तक स्थगित करने का आदेश दे दिया। गुरुवार की शाम को परीक्षा स्थगित करने की जानकारी छात्र-छात्राओं को नहीं हो सकी। शुक्रवार को छात्राएं परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह छह बजे से महाविद्यालयों पर पहुंचने लगीं। छात्राओं को नोटिस बोर्ड पर परीक्षाएं स्थगित होने की सूचना मिली। इस पर छात्राओं ने जमकर हंगामा काटा। परीक्षाएं स्थगित होने पर छात्राओं में गहरी नाराजगी थी। सभी विवि प्रशासन को कोस रही थीं।