महराजगंज। जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन, बसपा नेता शत्रोहन मौर्य और उनके चालक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवाहिता का आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह गुरुवार शाम खेत गई थी, तभी महराजगंज कस्बा निवासी एवं बछरावां थाना क्षेत्र के पूरे मिश्र मजरे राघवपुर के मूल निवासी शत्रोहन मौर्य और उनके चालक सतीश मौर्य निवासी बल्ला ने छेड़छाड़ की। आपत्तिजनक हरकत करते हुए दुराचार का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि इस दौरान पूर्व चेयरमैन का चालक सतीश रिवाल्वर हाथ में लेकर धमकी दे रहा था। उसके चीख-पुकार पर आसपास के लोगों ने दौड़कर उसकी इज्जत बचाई। ग्रामीणों के आ जाने पर दोनों भाग गए। उधर, पूर्व चेयरमैन का कहना है कि यह सब कुछ विरोधी दलों के नेताओं के इशारे पर किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में ढाई बीघे जमीन खरीदी थी, जिसका दाखिल खारिज भी हो गया है। इस पर महिला और उसके परिजन काबिज होना चाहते हैं। इसी वजह से यह साजिश की गई है। उधर, महराजगंज कोतवाल केआर वेदवान का कहना है कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।