रायबरेली। बिना मानक के सड़कों पर दौड़ रही स्कूली बसों के संचालकों के खिलाफ अब शिकंजा कसेगा। न सिर्फ बसे सीज होंगी बल्कि संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज होगी। इसके लिए परिवहन आयुक्त आलोक कुमार ने दिशानिर्देश जारी किए है। उन्होंने परिवहन विभाग को पत्र जारी करके कड़ाई से पालन कराने को कहा है। ऐसा न होने पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले के अधिकतर प्राइवेट स्कूलों में बिना मानक के अनुरूप ही बसों का संचालन किया जा रहा है। हालात ये कि तय मानक से अधिक बच्चों को बसों पर बैठाया जाता है। बसों की फिटनेस सही नहीं है। ऐसे में हर पल बच्चों पर मौत का खतरा मंडराता रहता है। इधर, स्कूली बस के चालक की लापरवाही से छात्र-छात्राओं की जान भी जा चुकी है। दो महीने पहले सई नदी स्थित बीएसएस पब्लिक स्कूल में संचालित बस के चालक की लापरवाही से एक छात्रा की जान चली गई थी। बीती 18 अप्रैल को महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा मजरे सिकंदरपुर निवासी एवं यूकेजी के छात्र अनंत कुमार अवस्थी उर्फ कृष्णा (7) की मौत हो गई थी। उसे स्कूली बस ने ही कुचल दिया था। स्कूली बच्चों की जिंदगी के साथ हो रहे खिलवाड़ को परिवहन आयुक्त ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने परिवहन विभाग को पत्र के माध्यम से दिशानिर्देश जारी किए हैं। पत्र में कहा गया गया है, नियम के अनुसार ही स्कूली बसों का संचालन कराया जाए। ऐसा न होने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।