लालगंज । कोतवाली क्षेत्र के पूरे मकरहन मजरे ऐहार गांव से मंगलवार रात चोर करीब एक लाख रुपये की 20 भेड़ चुरा ले गए। तहरीर दी गई है, पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
सोनू पाल पुत्र छविनाथ पाल ने बताया कि गांव के बाहर एक भूखंड पर कई लोगों की भेडे़ं रात में एकत्र की जाती हैं। उन्हीं के बीच उसकी भेडे़ं भी रखने की जगह है। मंगलवार को चराने के बाद रात में उसने अपनी 70 भेडे़ं बाडे़ में बैठा दी थीं। चूंकि यह जगह घरों के पास ही है, इसलिए भेड़ों की रखवाली के लिए वहां कोई नहीं रहता है। रात करीब 2.30 बजे उसके पिता छविनाथ जब भेड़ों को देखने गए तो पाया कि कई भेड़ें गायब थीं। उन्होंने घर के अन्य लोगों को सूचना दी तो लोग मौके पर पहुंचे। भेड़ों की गिनती की गई तो पता चला कि 70 में से 20 भेड़ गायब थीं।