रायबरेली। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्राथमिकता में शामिल लैपटॉप योजना के लाभ के लिए 10 महाविद्यालयों के चार हजार 839 छात्र-छात्राओं को इंतजार है। एक महीने पहले लैपटॉप की खेप जिले में आ गई और इन्हें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सुरक्षित रखा गया है, लेकिन अभी तक वितरण की तारीख तय नहीं हो सकी है। यहां तक कि छात्र-छात्राओं को इस संबंध में कोई सूचना भी नहीं दी गई है कि उन्हें लैपटॉप कब मिलेगा।
जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत 19 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरण के लिए चुना गया है। पहले चरण में जिले के 10 राजकीय और अर्द्ध शासकीय महाविद्यालयों के चार हजार 839 छात्र-छात्राओं में वितरण के लिए ही लैपटॉप यहां आए हैं। जिले में 30 वित्त विहीन महाविद्यालय हैं। इन स्कूलों में 14 हजार से अधिक छात्र लैपटॉप के लिए पात्र हैं, लेकिन वित्तविहीन स्कूलों के छात्र-छात्राओं में वितरण के लिए लैपटॉप नहीं भेजे गए हैं। इससे उनके चेहरे मुरझाए हुए हैं। जनपद में लैपटॉप आने के बाद करीब एक महीना बीत गया है, लेकिन वितरण के लिए डेट नहीं आई है। छात्र-छात्राएं इंतजार कर रहे हैं कि कब उनके हाथों में लैपटॉप आएगा। यहां तक कि वे डीआईओएस कार्यालय तक जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन मायूस होकर लौट रहे हैं। कहीं भी लैपटॉप बंटने की तारीख का सही जवाब नहीं दिया जा रहा है।