तिलोई (रायबरेली)। मोहनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में पति से नाराज महिला ने केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला का पति पांच महीने से दिल्ली से नहीं आया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोेनों से फोन पर तकरार हुई। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के धरमे मजरे बारकोट निवासी नंदलाल की 45 वर्षीय पत्नी प्रेमा देवी ने मंगलवार की रात शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा लिया। चीख-पुकार सुनने पर गांव वाले दौड़े और आग बुझाई। गांव के लोग रात में ही महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताते हैं कि मृतक प्रेमा देवी और पति नंदलाल पत्नी के बीच विवाद होने के कारण नंदलाल दिल्ली में करीब पांच महीने से रह रहा है। वह वहां किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उसके न आने के कारण दोनों में आए दिन कहासुनी हुआ करती थी। मंगलवार की रात भी फोन पर बात करने के बाद प्रेमा काफी परेशान हो गई थी। एसओ मोहनगंज जैनुद्दीन अंसारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।