रायबरेली। जायस कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या करके शव को कुएं में फेंक दिया गया। गले पर चोट के निशान थे और जीभ बाहर निकली हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर धारदार हथियार से वार करके युवक की हत्या की गई है। मौके से चप्पल बरामद हुए हैं। सूचना पर सीओ तिलोई ने पहुंचकर आसपास के लोगों से घटना के बाबत पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जायस कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव के ग्रामीण सुबह खेत की तरफ निकले। गांव के बाहर पीपल के पेड़ के नीचे एक कुआं है। ग्रामीण इस कुएं के पास पहुंचे, वहां पर चप्पल रखे थे।
ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो उसमें 35 वर्षीय एक युवक की लाश पड़ी देखी। यह देख ग्रामीण सन्न रह गए। सूचना पर अन्य ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान बिराज अहमद पहुंचे। प्रधान की सूचना पर जायस पुलिस पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला। मृतक के गले में चोट के निशान थे और जीभ बाहर निकली थी।
इससे आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर किसी धारदार हथियार से युवक को मौत के घाट उतारा गया। यही नहीं शव से बदबू भी आ रही थी। आशंका है कि चार दिन पहले युवक की हत्या करके शव को कुएं में फेंका गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। सूचना पर सीओ तिलोई एमएल चौधरी ने पहुंचकर ग्रामीणों से घटना के बाबत पूछताछ की। जायस कोतवाली प्रभारी एपी तिवारी ने बताया कि युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की हत्या की गई है या फिर उसने खुदकुशी की है। मामले की जांच की जा रही है।