खीरों (रायबरेली)। रविवार से शुरू हुए पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की सोमवार को कलई खुल गई। खीरों थाना क्षेत्र के सेमरी चौराहे के पास पोलियो की वैक्सीन भरे तीन डिब्बे लावारिस हालत में बरामद हुए। सूचना पर सेमरी चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर डिब्बों को कब्जे में लेकर उन्हेें खुलवाकर देखा तो डिब्बों में पोलियो की वैक्सीन भरी थी। डिब्बों को चौकी लाकर सीएचसी अधीक्षक को सूचना दी। अधीक्षक ने डिब्बों को लेकर अस्पताल में रखवाया है। उधर दो सुपरवाइजरों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है।
रविवार से शुरू हुए पोलियो कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक देनी थी। सोमवार को सेमरी चौराहे पर सुबह से ही लोगों ने पोलियो की वैक्सीन रखे तीन डिब्बों को देखा। दोपहर तक डिब्बों के वैसे ही रखे होने पर लोगों को तरह-तरह की आशंका हुई। दुकानदारों ने इसकी सूचना चौकी इंचार्ज सेमरी राजेश पांडेय को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और डिब्बों को खुलवाकर देखा तो उसमें पोलियो की वैक्सीन रखी मिली। उन्होंने तीनों डिब्बों को कब्जे में लेकर चौकी में रखवा लिया। बाद में सीएचसी अधीक्षक को सूचना दी। अधीक्षक ने चौकी पहुंचकर वैक्सीन के डिब्बों को प्राप्त कर दिया। बाद में पता लगाने पर मालूम हुआ कि ये सुपरवाइजर वेदप्रकाश व राकेश कुमार को वैक्सीन वाले डिब्बे दिए गए थे। अधीक्षक डॉ. यूसी वर्मा ने बताया कि दोनों सुपरवाइजरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।