रायबरेली। कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों में छात्राओं के लिए आने वाले राशन को वार्डेन व अन्य स्टाफ ही खा जाता है। सोमवार को बीएसए रविशंकर कस्तूरबा गांधी स्कूल ऊंचाहार का निरीक्षण करने पहुंचे तो ऐसा घपला पकड़ में आया। एक महीने पहले खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में 45 छात्राएं मिली थी, लेकिन वार्डेन ने राशन डकारने के मकसद से डायरी में ओवर राइटिंग करके बच्चों की संख्या बढ़ाकर 65 कर दी। घपला पकड़ में आने के बाद बीएसए ने मामले की जांच के आदेश देते हुए वार्डेन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। स्कूल के इसके अलावा अन्य तमाम खामियां मिलने पर बीएसए दंग रह गए।
बीएसए ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल ऊंचाहार का निरीक्षण किया। निरीक्षण में परिसर काफी गंदा मिला। चौकीदार सुरेश कुमार भी गैरहाजिर था। बीएसए ने छात्र संख्या की डायरी को चेक किया तो वार्डेन अर्चना केशरवानी के कारनामों की कलई खुल गई। बीती 19 अगस्त को ऊंचाहार के खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण किया तो स्कूल में मात्र 45 छात्राएं मिली थी। उन्होंने डायरी में भी 45 छात्राएं ही अंकित कर दी थी। इसके अलावा बीईओ ने अन्य कमियों को भी सुधारने के आदेश दिए थे। सोमवार को जब बीएसए ने छात्राओं की उपस्थिति की डायरी को चेक किया तो बीती 19 अगस्त की डेट में छात्राओं की संख्या में ओवर राइटिंग मिली। 45 छात्राओं के स्थान पर डायरी में 65 छात्राएं कर दी गई थी। वार्डेन ने यह खेल छात्राओं के लिए आने वाले राशन को डकारने के लिए किया था। घपला पकड़ में आने के बाद बीएसए ने गंभीर रुख अपनाते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की पूरी जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए। साथ ही वार्डेन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा।