बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक ने फांसी लगा ली। सुबह उसका शव घर के अंदर रस्सी से लटकता पाया गया। पिता का आरोप है कि मोहल्ले के लोगों ने बेटे के साथ मारपीट की थी। इसी वजह से दहशत में आकर उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बछरावां कस्बा के गल्लामंडी निवासी बाबा रामचंद्र का बेटा प्रियांशू उर्फ सल्लू (19) घर पर ही रहता था। रात में वह कमरे में रस्सी के सहारे छत के कुंडे से फांसी पर लटक गया। गुरुवार सुबह परिवारीजनों ने उसका शव लटकता देखा तो दंग रह गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बछरावां कस्बे के ही कुछ लोगों ने सात और 13 सितंबर को उसके बेटे के साथ रंजिशन मारपीट की थी। इससे बेटा घबराया हुआ था और रात में उसने फांसी लगा ली। मारपीट की एनसीआर भी दर्ज की गई थी। एसओ बृजबीर सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर बछरावां कस्बे के ही सोमंत, हेमंत, रजत, विजयंत, रमन, जैकी, प्रिंस, रवि, सुधीर और विजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जा रही है।