रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को गुरुबख्शगंज और ऊंचाहार में दुकानों पर छापे मारे। छापेे में दूध के तीन नमूने सहित छह नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। टीमों के छापे से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए। छापे में दूषित मिठाई को नष्ट कराया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एसडीएम सदर अमरपाल सिंह के साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप पटेल, सीएल यादव की टीम ने गुरुबख्शगंज कस्बे में छापा मारा। यहां संजय की मिठाई की दुकान से मिल्ककेक और राजेंद्र कुमार की दुकान से मलाई लड्डू का सैम्पल भरा गया। इसके अलावा शिव कुमार, बैजनाथ और सरजू प्रसाद की दुकानों से दूध के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार व संतोष साहू ने ऊंचाहार में भी कई दुकानों पर छापे मारे गए। यहां प्रमोद कुमार की दुकान पर कुट्टू का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। इसके अलावा दोनों कस्बों में टीमों ने दूषित मिठाई व दूध को नष्ट भी कराया।