महराजगंज (रायबरेली)। पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने मंगलवार की सुबह अलाव ताप रहे एक परिवार पर हमला बोल दिया। इसमें दंपती और उसके बेटे की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई। घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महराजगंज के पूरे तोमरदास मजरे ताजुद्दीनपुर गांव निवासी हीरामन, उसकी पत्नी कलावती और बेटा दुर्गा सुबह घर के दरवाजे अलाव ताप रहे थे। इस दौरान लाठी-डंडों से लैस होकर कुछ लोग आ धमके और गालीगलौज करने लगे। विरोध किया तो तीनों पर हमला कर दिया। इसमें तीनों घायल हो गए। सीएचसी के डॉ. भावेश का कहना है कि चोट अधिक लगने से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, कोतवाल का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। इसमें गांव के झगड़ू, अखिलेश और जगजीवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।