रायबरेली। दो दिल मिल रहे है, मगर चुपके-चुपके... हिंदी फिल्म का यह गाना प्रेमी युगल के लिए वैलेंटाइन डे पर सटीक बैठा। अपने प्रेम का इजहार हर तो तमाम लोगों ने किया, लेकिन अंदाज जुदा रहा। मौसम खुशनुमा होने के चलते प्रेमी युगलों को काफी भाया। पार्क और गार्डेन के कोने में छिपते-छिपाते दो दिल ऐसे मिले, मानों इस दिन का उन्हें बेसब्री से इंतजार रहा हो। इस दौरान किसी ने गुलाब का फूल तो किसी ने ग्रीटिंग देकर विश किया। इस दौरान पुलिस भी मुस्तैद रही, लेकिन शहर की सड़कों पर प्रेमी युगल घूमते रहे।
शुक्रवार को वैलेंटाइन डे का उत्साह युवाओं के सिर चढ़कर बोला। युवाओं को आकर्षित करने के लिए रेस्टोरेंट और होटलों को सजाया गया। इस दिन प्रेमी युगलों में उल्लास देखा गया। प्रेमी युगलों ने एक दूसरे को गुलाब का फूल, ग्रीटिंग और गिफ्ट देकर वैलेंटाइन डे पर प्यार का इजहार किया। बूंदाबांदी के बीच रेस्टोरेंट में बैठने का बहाना मिला और अपने दिल की बात जुबां पर ला दी। इसके बाद मौसम खुला तो पार्कों और गार्डेन में घूमने-फिरने के लिए शहर के इंदिरा उद्यान में कई प्रेमी युगल पहुंचे। किसी ने फूलों की आड़ में तो किसी ने पार्क में बैठकर अपने दिल की बात कही। इंदिरा नगर, आवास विकास कॉलोनी, प्रगतिपुरम, सत्यनगर, हाथी पार्क, राजकीय कॉलोनी में भी प्रेमी जोड़े दिखाई पड़े। वैलेंटाइन डे होने की वजह से उद्यानों में काफी रौनक रही। डिग्री कॉलेज चौराहा, सुपर मार्केट, इंदिरा उद्यान में पुलिस तैनात की गई थी, लेकिन इसका असर प्रेमी युगलों पर नहीं दिखा। प्रेमी युगलों ने बेझिझक होकर अपने प्यार का इजहार किया।