रायबरेली। लोकसभा का सत्र खत्म करके सोनिया गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। अपनों के बीच पहुंचकर न सिर्फ लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया, बल्कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त से उबरने को लेकर विचार विमर्श किया। वरिष्ठ कांग्रेसियों और नजदीकियों से लोकसभा चुनाव की ठोस रणनीति बनाने पर चर्चा की। इस बात पर जोर दिया गया कि पिछली गलतियों से सबक लेते हुए काम किया जाए, ताकि किसी मोर्चे पर नाकामी हाथ न लगे।
दो दिनी दौरे के पहले दिन फुरसतगंज एयरपोर्ट पर उतरने के बाद शाम को भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंची सोनिया ने बारी-बारी से उन सभी वरिष्ठ कांग्रेसियों के अलावा शहर कमेटी, पीसीसी, डीसीसी, फ्रंटल संगठनों और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात की, जो जनता के बीच की सीधी कड़ी हैं। सोनिया गांधी ने हर पदाधिकारी की बात का मुस्करा कर और हाथ जोड़कर जवाब देकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि आप लोग बिना किसी चिंता के लोकसभा चुनाव में जुट जाएं। कांग्रेस विकास जनचेतना पदयात्रा के जरिये केंद्रीय योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के लिए सोनिया ने सभी का आभार जताया। कहा कि इसका लाभ चुनाव में दिखेगा।
सोनिया गांधी ने जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों से लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उनके संसदीय क्षेत्र में क्या चल रहा है।केंद्रीय योजनाओं की कामकी गति, उनका आम लोगों को मिल रहे लाभ के बारे में पूछने के साथ वोटरों के रुख पर भी बातचीत की। इस बात पर जोर दिया गया कि पिछली गलतियों से सबक लिया जाए, ताकि किसी स्तर पर नुकसान न हो। उनका इशारा विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की ओर था। कांग्रेसियों के बीच सोनिया ने साफ किया कि हर किसी को मेहनत और लगन से काम करने की जरूरत है।
कई कांग्रेसियों ने कहा कि आप देश के लिए और राहुल को प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करें। रायबरेली से आपको यहां की जनता जिताएगी। इस पर सोनिया ने कहा कि यह बात तो आप सभी लोगों के चेहरों पर भरा उत्साह खुद ब खुद बता रहा है, लेकिन पिछली गलतियों से सतर्क रहने की जरूरत है। सोनिया से मिलकर बाहर आए वरिष्ठ कांग्रेसी कौशलेंद्र सिंह कहते हैं कि मैडम को रायबरेली से चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके कंधों पर पूरे देश की जिम्मेदारी है, यह बात यहां की जनता जानती है। क्या रायबरेली से प्रियंका को चुनाव लड़ाने पर कोई बात हुई, कहा कतई नहीं, मैडम खुद चुनाव लड़ेंगी। यही बात हाजी मोहम्मद उस्मान ने भी कही।