शिवगढ़ (रायबरेली)। क्षेत्र के शारदा नहर में सोमवार को डूबी महिला की मौत हो गई। पुलिस और गोताखोरों के रातभर खोजबीन के बाद मंगलवार की सुबह उसका शव नहर में मिला। यह हादसा उस समय हुआ था, जब महिला परिवारीजनों के साथ बाइक से अहोरवा भवानी दर्शन करने के लिए जा रही थी।
गौरतलब है कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र के माधवखेड़ा मजरे सरायं क्षत्रधारी गांव निवासी एवं चचेरे भाई राकेश यादव और रमेश यादव सोमवार सुबह सुनीला, राहुल और रामकुमारी, कुलदीप निवासी गड़रियन का पुरवा थाना शिवरतनगंज जिला अमेठी को दो बाइकों पर बैठाकर अहोरवा भवानी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में गुमावां गांव स्थित शारदा सहायक नहर जौनपुर ब्रांच के पुल पर टूटी रेलिंग के चलते तेज रफ्तार दोनों बाइकें सभी छह लोगों को लेकर नहर में गिर गई थीं। इस हादसे में पांच लोग तो बच गए थे, लेकिन रामकुमारी डूब गई थी। एसओ बृजेंद्रनाथ शुक्ल समेत अन्य पुलिस कर्मी और गोताखोर रातभर नहर में महिला की खोजबीन करते रहे। पुलिस ने नहर का पानी भी कम कराया। मंगलवार सुबह आठ बजे रामकुमारी का शव पुल से 100 मीटर दूरी पर पाया गया। एसओ ने बताया कि नहर में डूबी महिला की मौत हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।