लालगंज/सरेनी/डलमऊ। विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर बुधवार को मतदान का बहिष्कार किया। प्रशासनिक अधिकारियों व ग्रामीणों के समझाने पर शाम तक कुछ लोगों ने वोट डाले।
लालगंज के लोहरामऊ गांव मजरे बेमौरा महेशखेड़ा के ग्रामीणों ने खारे पानी और विद्युतीकरण की समस्या को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों व ग्रामीणों के समझाने पर कुछ लोगों ने वोट डाले। शाम तक 27 से बढ़कर संख्या 116 हो गई। यहां कुल वोटर 842 है। उधर, सरेनी ब्लॉक क्षेत्र के कोटिया एहतमाली गांव के ग्रामीणों ने गांव के बाहर रोड नहीं तो वोट नहीं का बैनर पेड़ पर टांग कर मतदान का विरोध किया। यहां पर कुल 1084 मतदाता है। इसमें से केवल 70 मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं डलमऊ तहसील क्षेत्र के पूरे गड़रियन, पूरे भुइयन, बेलहनी, पूरे काली, पूरे बधऊ, मातादीन, मुस्तफाबाद के ग्रामीणों ने सड़क की समस्या को लेकर न सिर्फ मतदान का विरोध किया, बल्कि बेलहनी बूथ के पास प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी श्याम बिहारी सोनकर ने इसकी जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी। सेक्टर मजिस्ट्रेट की सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।