रायबरेली। आईआईटी में दाखिले के लिए हुई ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई-एडवांस) का गुरुवार को रिजल्ट घोषित हुआ। शहर के सत्य नगर निवासी व ऑटो मोबाइल्स की दुकान चलाने वाले अशोक मिश्रा के बेटे सूर्यकांत मिश्रा को 771वीं रैंक मिली है। पिछड़े वर्ग में बछरावां कस्बे में किराना दुकानदार बेचूलाल की बेटी रितु राज को 3509वीं रैंक मिली है। जिले में पहली बार जेईई-एडवांस की परीक्षा में आठ बच्चों ने अच्छी रैंक हासिल की है। इसमें छह बच्चे शहर में संचालित एक कोचिंग के स्टूडेंट हैं। रिजल्ट आते ही होनहारों में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चों ने खूब खुशी मनाई।
देश में आईआईटी के 17 कॉलेजों में 9784 सीटों के लिए जेईई-एडवांस की परीक्षा कराई गई थी। जेईई मेंस की परीक्षा के बाद बीती 25 मई को जेईई एडवांस की परीक्षा हुई। गुरुवार को परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। रिजल्ट आते ही होनहारों में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चों को बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। सभी ने जमकर खुशी मनाई। परीक्षा में हाथी पार्क के पास हेलमेट व मोटर साइकिल पार्ट्स की दुकान चलाने वाले अशोक मिश्रा के बेटे सूर्यकांत को 771 रैंक मिली है। सूर्यकांत ने कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी की। कैनाल रोड स्थित संशिक्षा एकेडमी के सात बच्चों को जेईई एडवांस में अच्छी रैंक मिली है। इसमें ऋतुराज को 3509वीं रैंक, रविराज अवस्थी को 4107वीं, शुभम गौतम को 4200वीं, सौरभ को 5909वीं, अभिवन को 5961वीं, आकाश जैन को 7579वीं और अश्वनी पांडेय को 9563वीं रैंक मिली है। एकेडमी के निदेशक अभिषेक निरंजन व नीरज सोनी ने सभी होनहारों को बधाई दी है।