रायबरेली। इलाहाबाद से लखनऊ जा रही गंगा-गोमती एक्सप्रेस में जहरखुरानों ने गुरुवार को एक युवक को अपना शिकार बना लिया। कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और सामान लूटकर भाग गए। ऊंचाहार स्टेशन के अधिकारियों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। रायबरेली स्टेशन पर जीआरपी ने यात्री को ट्रेन से उतारा। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के बेहोेश होने के कारण इसका पता नहीं चल सका कि जहरखुरानों ने उसका कितना सामान और नकदी लूटी है।
डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर कस्बा निवासी इश्तियाक किसी काम से इलाहाबाद गया था। वहां से गुरुवार को गंगा-गोमती से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में जहरखुरानों ने युवक को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। ट्रेन ऊंचाहार स्टेशन पर पहुंची तो यहां यात्रियों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना ऊंचाहार रेलवे स्टेशन के अफसरों को दी। उन्होंने रायबरेली जीआरपी को घटना से अवगत कराया। ट्रेन के रायबरेली स्टेशन पर पहुंचने पर जीआरपी के सिपाहियों ने युवक को ट्रेन से उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के कपड़ों की जेब में मिले कुछ कागजों से उसका नाम और पते की जानकारी हुई। जिसके बाद इसकी सूचना जीआरपी ने परिवारीजनों को दी। जिला अस्पताल में अभी तक युवक को ठीक तरह से होश नहीं आया था। जीआरपी एसओ का कहना है कि युवक के होश में आने के बाद ही पता चल सकेगा कि कितने की नकदी और सामान जहरखुरानों ने लूटी और उसे क्या खिलाकर बेहोश किया था।