रायबरेली (ब्यूरो)। फिरोज गांधी महाविद्यालय में बीए व बीकाम प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए दूसरी वरीयता सूची सोमवार को जारी कर दी गई है। बीए में 370 व बीकाम में 392 अंक के ऊपर वालों को ही दाखिला मिल सकेगा। मंगलवार से काउंसलिंग शुरू होगी। सूची चस्पा होने के बाद कॉलेज में छात्र-छात्राओं की भीड़ लग गई है। सूची में नाम पाकर कोई खुश हुआ तो कोई मायूस होकर लौट गए।
एफजी कॉलेज में दाखिले के लिए जारी हुई पहली वरीयता सूची के बाद भी 300 से अधिक सीटें खाली रही गईं। सूची में नाम होने के बाद भी छात्र-छात्राएं दाखिले के लिए नहीं आए। छात्र-छात्राओं का दाखिला लखनऊ, इलाहाबाद के अलावा अन्य शहरों के बडे़ स्कूलों में होने के कारण यहां काउंसलिंग के लिए नहीं आए। सोमवार को दाखिले के लिए दूसरी वरीयता सूची जारी की गई है। बीए प्रथम वर्ष में सामान्य वर्ग में इंटरमीडिएट में 370, पिछड़े वर्ग में 365 और अनुसूचित जाति वर्ग में 331 से अधिक अंक पाने वालों को दाखिले के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा बीकाम प्रथम वर्ष में सामान्य वर्ग में 392, पिछले वर्ग में 387 और अनुसूचित जाति वर्ग में 271 से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं को दाखिले के लिए बुलाया गया है। प्राचार्य डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि मंगलवार से काउंसलिंग का काम शुरू होगा। इसके बाद भी सीटें रिक्त रखने पर तीसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी।