लालगंज (रायबरेली)। रेल कोच कारखाने की बोगी शॉप में तैनात भदोही जनपद निवासी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अपने रिश्तेदारों सेे नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। रिश्तेदारों ने जब रुपये वापस मांगे तो कर्मचारी ने जान से मारने की धमकी दे डाली। रिश्तेदारों के रिपोर्ट दर्ज कराने पर गुरुवार को चंदौली पुलिस रेल कोच फैक्ट्री पहुंची मगर आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका।
भदोही निवासी अभिनंदन सिंह कोच फैक्ट्री में सीनियर सफाई कर्मचारी है। उसने अपने रिश्तेदारों से रेल डिब्बा कारखाने में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। नौकरी नहीं लगने पर जब रिश्तेदारों ने अभिनंदन से रुपये वापस मांगे तो वो टालमटोल करने लगा। जब रिश्तेदारों ने दबाव बनाया तो अभिनंदन ने जान से मारने की धमकी दे डाली। चंदौली जिले के निवासी कुलदीप सिंह ने मुगलसराय कोतवाली में आरोपी कर्मचारी अभिनंदन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। गुरुवार को मुगलसराय कोतवाली के इंस्पेक्टर एके सिंह की अगुवाई में लालगंज पुलिस के साथ कोच फैक्ट्री में छापा मारा। मगर रिपोर्ट दर्ज होने की भनक लगने के कारण अभिनंदन भाग गया। इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर छापेमारी करके उसे दबोचा जाएगा।