रामपुर। करीब साढ़े तीन माह बाद एक बार फिर यूपी की अखिलेश सरकार रामपुर में मौजूद रही। अखिलेश के संग उनके पिता एवं सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भी पहुंचे। मौका था नगर विकास मंत्री आजम खां के बेटे अदीब के निकाह का। इस दौरान खुद आजम ने मेहमानों का इस्तकबाल किया।
सोेमवार को रामपुर का माहौल कड़ाके की सर्दी में भी गर्माया था। नगर में सूबे की सरकार के मुख्यमंत्री के साथ ज्यादातर मंत्री, सांसदों और विधायकों का जमावड़ा लगा था। हमसफर रिसोर्ट में सोमवार की दोपहर में नगर विकास मंत्री के बेटे अदीब का निकाह शहर के निर्यातक की बेटी सिदरा से हुआ। साल 2012 के आखिरी दिन निकाह में सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, राज्यसभा सदस्य प्रो. राम गोपाल यादव, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी शिरकत करने पहुंचे थे। अखिलेश और मुलायम सिंह पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड़ पर हेलीकाप्टर से उतरे और फिर सीधे जौहर शोध संस्थान पहुंचे। नगर विकास मंत्री के साथ सीएम का काफिला दोपहर करीब 2.20 बजे हमसफर रिसोर्ट पहुंचा, जहां लोगों ने सीएम का इस्तकबाल किया। इसके बाद निकाह हुआ। निकाह के बाद सिदरा अदीब की शरीक ए हयात बन गई। समारोह में हिस्सा लेने के लिए सांसद, विधायक व अन्य माननीय मौजूद रहे। सरकारी मशीनरी व्यवस्थाएं करने में जुटी रही।